गाजीपुर। जिला उद्यान अधिकारी ने जनपद के कृषकों से मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की है। योजना के तहत उद्यानिकी एवं कृषि आधारित विभिन्न परियोजनाओं पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना में आम, अमरूद, अनार एवं नींबू के बागान, ड्रैगन फ्रूट, पपीता, करौंदा, बेल, बेर, आंवला, कटहल जैसी कम लागत वाली फसलें, संकर शाकभाजी क्षेत्र विस्तार, पावर टिलर, पावर नैपसेक स्प्रेयर, इको लाइट ट्रैप, प्याज एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार, सब्जियों के मचान, मधुमक्खी पालन, एचडीपीई वर्मी बेड, औषधीय फसलों की खेती, लो-कॉस्ट मशरूम उत्पादन इकाई तथा मसाला फसलों सहित कई योजनाएं शामिल हैं। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि इच्छुक किसान dbt.uphorticulture.in पोर्टल पर “प्रथम आवक, प्रथम पावक” के सिद्धांत के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। चयनित लाभार्थियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। पंजीकरण के लिए किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, अद्यतन खतौनी, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी। किसान स्वयं, जनसेवा केंद्र अथवा उद्यान विभाग कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद संबंधित अभिलेखों को एक सप्ताह के भीतर जिला उद्यान कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।