गाजीपुर। मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य करंडा द्वितीय शैलेश कुमार ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए भदोही का नाम पुनः संत रविदास नगर किए जाने के निर्णय का स्वागत किया।
उन्होंने इसे जनभावनाओं के अनुरूप ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय बताते हुए कहा कि पूर्व में जनपद का नाम बदलकर केवल भदोही किए जाने से रविदास समाज सहित दलित समाज की भावनाएं आहत हुई थीं। गुरु रविदास सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के महान प्रतीक हैं तथा उनके नाम पर स्थापित जनपद की पहचान समाज के सम्मान और गौरव से जुड़ी है। शैलेश कुमार ने कहा कि 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जनपद का नाम पुनः संत रविदास नगर किए जाने की घोषणा से रविदास समाज और दलित समाज में खुशी का माहौल है। उन्होंने इसे महापुरुषों के सम्मान, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के सम्मान और विकास के लिए इसी तरह कार्य करती रहेगी। पत्र के माध्यम से उन्होंने समस्त रविदास समाज एवं दलित समाज की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार और शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।