जमानियां। जीवपुर स्थित खेल मैदान पर शिवाजी स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित प्रथम ग्रामीण स्तरीय सीनियर मिनी पोल फुटबॉल प्रतियोगिता में गोड़सरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रघुनाथपुर को 3-0 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पहले हाफ में दोनों पक्षों ने कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन डिफेंडरों और गोलकीपरों के बेहतरीन प्रदर्शन के कारण मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और स्कोर 0-0 रहा। दूसरे हाफ में गोड़सरा की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। 62वें मिनट में शानदार तालमेल के साथ पहला गोल कर टीम ने बढ़त हासिल की। इसके बाद खिलाड़ियों के बढ़े आत्मविश्वास का फायदा उठाते हुए गोड़सरा ने 74वें मिनट में दूसरा और 78वें मिनट में तीसरा गोल दागकर मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। तीन गोल से पिछड़ने के बाद रघुनाथपुर की टीम ने वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन गोड़सरा के मजबूत रक्षापंक्ति ने उनके सभी प्रयास विफल कर दिए। निर्धारित समय तक स्कोर 3-0 ही रहा और गोड़सरा ने शानदार जीत के साथ प्रतियोगिता के अगले चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। मैच का आंखों देखा हाल मिथिलेश सिंह ने सुनाया, जबकि बिट्टू सिंह ने निर्णायक (रेफरी) की भूमिका निभाई। इस अवसर पर समाजसेवी बबलू यादव ‘मिट्ठू’, राजेश, आशीष, अभिषेक, अमन, आर्यन, शिवम, शुभम, लक्की, सूरज, संजय, प्रह्लाद, बबलू और राजू सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।