जमानियां। क्षेत्रीय लोगों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानियां में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लगभग 40 मरीजों की चिकित्सकीय जांच कर उनका निःशुल्क उपचार किया गया तथा आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि आरोग्य मेले में आए मरीजों का डॉ. शमशेर बहादुर ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। उन्होंने विशेष रूप से मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता अपनाने और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर जोर देते हुए लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को उनके निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों की रोकथाम की जा सके। आरोग्य मेले के सफल संचालन में स्वास्थ्य कर्मी मोहित कुमार सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।