जमानियां (गाजीपुर)। राघोपुर निवासी एवं निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव ने फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए जमानियां कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बसंत यादव ने आरोप लगाया कि मतसा गांव निवासी एक युवक ने करीब तीन दिन पहले जीवपुर निवासी एक व्यक्ति के मोबाइल पर फोन कर उनके बारे में अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्हें 06 अगस्त की दोपहर करीब 12:30 बजे ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलने के बाद हुई। बसंत यादव का आरोप है कि संबंधित युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ जमानियां कोतवाली में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने पुलिस को कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग और आरोपी के आपराधिक मामलों से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई है।उन्होंने बताया कि धमकी मिलने के बाद उनका परिवार भय के माहौल में है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।