जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्याओं और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को शासन ने गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है। जमानियां विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता अशरफी लाल को विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप की स्थिति है। अवर अभियंता संजीत कुमार ने बताया कि जमानियां क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर लंबे समय से उपभोक्ताओं की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। क्षेत्र में बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर खराब और जले पड़े थे, जिसके कारण कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। वहीं, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि में देरी के कारण भी उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
जेई संजीत कुमार के अनुसार, ऊर्जा मंत्री द्वारा आयोजित उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एक्सईएन अशरफी लाल की अनुपस्थिति, जनप्रतिनिधियों के फोन का जवाब न देना तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में उदासीनता को शासन ने गंभीरता से लिया। विभागीय कार्यप्रणाली में लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई। वहीं, गाजीपुर के अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना को भी विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के लिए कड़ी चेतावनी दी गई है। अवर अभियंता संजीत कुमार ने बताया कि ऊर्जा मंत्री के निर्देशानुसार क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सभी खराब एवं जले हुए ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की पहचान कर उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराते हुए जमानियां क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को जल्द सुधारने का प्रयास किया जाएगा।