जमानियां (गाजीपुर)। हिंदू पीजी कॉलेज जमानियां में शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 08 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी शिक्षक आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
कॉलेज परिसर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही शिक्षक हितों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार और प्रशासन की उदासीनता चिंता का विषय है। शिक्षकों ने मांगों के शीघ्र समाधान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक स्तर पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। प्रदर्शन में शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की समस्याओं का समाधान आवश्यक है। उन्होंने देशभर के शिक्षकों से एकजुट होकर जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाले आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। हिंदू पीजी कॉलेज जमानियां के शिक्षकों ने राष्ट्रीय आंदोलन को शिक्षा एवं शिक्षक हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसे सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया।