जमानियां। नगर के लोदीपुर मोहल्ला स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने पसंदीदा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया।
चुनाव के दौरान स्कूल हेड बॉय, स्कूल हेड गर्ल, स्कूल वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन, अनुशासन प्रभारी, असेंबली प्रभारी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी सहित विभिन्न पदों के लिए मतदान कराया गया। विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और अनुशासित तरीके से संपन्न कराई गई। विद्यालय में छात्र परिषद चुनाव आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी, टीम भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना रहा। मतदान के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को व्यवहारिक रूप से समझने के साथ ही जिम्मेदार नेतृत्व के महत्व को भी जाना। विद्यालय के प्रधानाचार्य एल.डी. जेना ने सभी प्रत्याशियों एवं मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि छात्र परिषद भविष्य के जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने का आह्वान किया। चुनाव के सफल आयोजन पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण ने सभी छात्र-छात्राओं तथा सहयोगी शिक्षकों की सराहना की। चुनाव को लेकर विद्यार्थियों में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा।