गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से छेड़छाड़ अथवा अभद्र व्यवहार करने वाले शोहदों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता एवं निगरानी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।