गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोहम्मदाबाद एवं थाना नोनहरा की संयुक्त पुलिस टीम ने चर्चित मोहम्मदाबाद किडनैपिंग मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना प्रभारी मोहम्मदाबाद अपनी टीम के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ से गौसपुर की तरफ दो संदिग्ध युवक जाते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो दोनों मोटरसाइकिल से तेजी से कठवा मोड़ की ओर भागने लगे। पुलिस ने आरटी सेट के माध्यम से कंट्रोल रूम को सूचना देकर उनकी घेराबंदी शुरू की। पुलिस के अनुसार, गौसपुर हवाई पट्टी के पास खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से निशाना साधकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ संतुलित फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल जिला सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा, जहां उसका उपचार कराया गया। वहीं, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल एवं गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजयी (34 वर्ष) पुत्र छोटेलाल, निवासी ग्राम बढ़ई पूरा, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी
- एक अवैध तमंचा .315 बोर।
- एक खोखा कारतूस .315 बोर।
- एक जिंदा कारतूस .315 बोर।
- एक अपाचे मोटरसाइकिल।
मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह मय टीम, थाना मोहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर।
- थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी मय टीम, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर।