जमानियाँ (गाजीपुर)। गोवंश में लंपी रोग के बढ़ते प्रकोप से भयभीत पशुपालक को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पशु चिकित्सक डॉ सुशील श्रीवास्तव टीम के साथ ग्राम बरूइन पहुँचे तथा रोग ग्रस्त गोवंशों का इलाज कर दवा का वितरण किया।
ज्ञात हो कि 10-11-22 को “लंपी रोग के बढ़ते प्रकोप से पशुपालक भयभीत” नामक शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित खबर के मद्देनजर पशुचिकित्सक अपनी टीम को लेकर ग्राम बरुइन पहुंचे तथा साहित्यकार राजेन्द्र सिंह के दरवाजे पर पशुपालकों संग बैठक कर जागरूक करते हुए दवा का वितरण किया तथा लंपी रोग से ग्रस्त पशुओं का इलाज किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि लंपी रोग से घबराने की जरूरत नही बल्कि सही समय पर इलाज करने की आवश्यक्ता है। यह बिमारी मक्खी से फैलता है। इसमें पशुओं को फीवर होता है और शरीर पर बड़े-बड़े दाने निकल आते हैं, जो घाव बन जाते है। पैर में सूजन भी हो जाता है। वायरल का 7 दिन का पिरीयड़ होता है तथा 7 दिन के बाद यह स्वतः दूसरी जगह चला जाता है तथा घाव छोड़ जाता है, जिसका इलाज सम्भव है। यह रोग सर्वप्रथम राजस्थान में देखा गया तथा जनपद में प्रथम दृष्टया सैदपुर तहसील में प्रकाश में आया लेकिन अब धीरे-धीरे चारों तरफ फैल रहा है। टीम बनाकर टीकाकरण तेजी से किया जा रहा है। जिस गोवंश में लंपी रोग के लक्षण दृष्टिगत हो तत्काल सूचित किया जाय। गोवंशो की साफ-सफाई पर पूरा ध्यान दिया जाय तथा रोग ग्रस्त गोवंश को स्वस्थ्य गोवंश से दूर रखकर इस महामारी पर काबू पाया जा सकता है। इस दौरान रामअवतार सिंह, कपिलदेव सिंह, गोरख सिंह, शशिकान्त सिंह, राधाकृष्ण सिंह आदि लोग मौजूद रहे।