गाजीपुर। राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पी0सी0एस0 प्रारम्भिक) परीक्षा-2024 की लिखित परीक्षा जो कि आगामी 22 दिसम्बर,2024 दिन रविवार को दो पालियों में होने वाली है, को नकल विहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल, शान्तिपूर्ण ढ़ग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा ने संयुक्त रूप से हनुमान सिंह इण्टर कालेज देवकली गाजीपुर, नन्द किशोर सिंह इण्टर कालेज रामपुर माझा, शहिद स्मारक इण्टर कालेज नन्दगंज गाजीपुर पर बनाये गये परीक्षा केंद्रों पर की गयी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आवश्यक दिशा निर्देश:
निरीक्षण के दौरान परीक्षा की निगरानी हेतु सी0सी0टी0वी कैमरा, कक्षोें में विद्युत की व्यवस्था, साफ सफाई आदि अन्य कक्षों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापको को परीक्षा को पूरी निष्पक्षता एंव ईमानदारी के साथ सम्पन्न कराने का सख्त निर्देश दिया । उन्होने कहा कि आयोग द्वारा जारी गाईड लाईन का पालन प्रत्येक दशा में सुनिश्चत करते हुए परीक्षा सम्पन्न कराई जाये। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बरती न जाय। कोई भी प्रतिकुल परिस्थितियो पर तत्काल पुलिस बल का सहयोग लिया जाय।