गाजीपुर। मुहम्मदाबाद के विधायक शोएब उर्फ मन्नू अंसारी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में गाजीपुर के शहीद सपूत वीर अब्दुल हमीद के अपमान की कोशिश का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले किसी भी शहीद का अपमान नहीं होना चाहिए, क्योंकि परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद का अपमान पूरे देश का अपमान है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से सरकार से इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सड़क विस्तार और मरम्मत की मांग:
विधायक मन्नू अंसारी ने मुहम्मदाबाद से बलिया तक जाने वाले मार्ग को बिहार तक हाईवे से जोड़ने और उसे चौड़ा करने की मांग की, ताकि उनकी विधानसभा क्षेत्र में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन से जर्जर हो चुकी ग्रामीण सड़कों और पुलों की मरम्मत कराने का भी आग्रह किया।
शिक्षा के विकास पर जोर:
शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता बताते हुए विधायक ने अपने जनपद में एक भी विश्वविद्यालय न होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अपनी विधानसभा में पॉलिटेक्निक इंजीनियरिंग कॉलेज और महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग उठाई, जिससे युवाओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिल सकें।
बिजली व्यवस्था में सुधार की अपील:
विधायक ने क्षेत्र में बिजली की समस्याओं को उजागर करते हुए बताया कि पिछले 20 वर्षों में कोई नया पावर हाउस या सब-स्टेशन नहीं खोला गया है। इसके कारण गर्मी और सिंचाई के समय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से बिजली व्यवस्था सुचारू करने के लिए तत्काल पावर हाउस और सब-स्टेशन निर्माण की मांग की।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की जरूरत:
अपने क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करते हुए विधायक मन्नू अंसारी ने बताया कि उनके क्षेत्र में ट्रामा सेंटर बनने के बावजूद वह सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रहा है। वर्तमान में केवल दो डॉक्टर उपलब्ध हैं, और उनके लिए पीने के पानी तक की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा, ट्रामा सेंटर में एक्सरे मशीन जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। उन्होंने मांग की कि ट्रामा सेंटर में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे क्षेत्र की जनता को लाभ मिल सके।
युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम की मांग:
अपने विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के विकास को ध्यान में रखते हुए विधायक ने एक मिनी स्टेडियम खोलने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि खेल-कूद के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित बनाया जा सकता है, जिससे वे समाज के विकास में योगदान दे सकें। विधायक मन्नू अंसारी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए सरकार से आवश्यक कदम उठाने की अपील की, ताकि जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।