जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के धनौता गांव में खेत के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक विधवा महिला को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धनौता गांव निवासी राधिका देवी, पत्नी स्वर्गीय सविन्द्र कुमार, सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने खेत के बंटवारे को लेकर गांव के कुछ लोगों से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान उनके दिवंगत पति द्वारा रहन रखे गए खेत को वापस लेकर बंटवारा करने की बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने राधिका देवी को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा लात-घूसों से हमला कर दिया। मारपीट में महिला के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर दीपक, पूनम देवी और रविन्द्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।