जमानियां। नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार की शाम नगर पालिका परिषद द्वारा अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में “प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान” चलाया गया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग एवं भंडारण के विरुद्ध सघन जांच कर कार्रवाई की गई।
पालिका की टीम ने नगर के विभिन्न बाजारों से लेकर पालिका मोड़ तक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों एवं राहगीरों के पास से लगभग दो किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद कर जब्त की गई। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से मौके पर दो हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। अचानक हुई कार्रवाई से पॉलीथिन का उपयोग करने वाले दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों एवं व्यापारियों से प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग पूरी तरह बंद करने तथा कपड़े एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का उपयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान एसबीएम प्रभारी विजय शंकर राय, प्रधान लिपिक विजय शंकर शर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर दानिश मंसूरी, रविंद्र यादव, रुस्तम अली सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।