गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ द्वारा संचालित राज्य कर विभाग की एमनेस्टी योजना के प्रचार-प्रसार के लिए 04 मार्च को राज्य कर कार्यालय, गाजीपुर में एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर कार्यालयाध्यक्ष उपायुक्त जयसेन की अध्यक्षता में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
एमनेस्टी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2017-18, 2018-19 एवं 2019-20 के कर निर्धारण आदेशों में लगाए गए टैक्स, ब्याज और पेनाल्टी में राहत दी गई है। यदि संबंधित करदाता/व्यापारी 31 मार्च 2025 तक निर्धारित टैक्स राशि का भुगतान कर देते हैं और योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन करते हैं, तो उनके ब्याज व पेनाल्टी को माफ कर दिया जाएगा। योजना 31 मार्च 2025 तक प्रभावी रहेगी, जिससे करदाताओं को महत्वपूर्ण लाभ मिल सकेगा। इस पहल का उद्देश्य व्यापारियों को कर भुगतान में राहत देना और कर संग्रह को सुचारु बनाना है।