गाजीपुर। जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा (माध्यमिक), गाजीपुर के तत्वावधान में जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी), पटना और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, पटना का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, उत्पादों और प्रक्रियाओं की जानकारी देना तथा फॉरेंसिक विज्ञान की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान विजिट प्रभारी सुधीर विश्वास, प्रधानाध्यापक, राजकीय हाईस्कूल, कटरियां, और सह-प्रभारी श्री शैलेन्द्र कुमार, सहायक अध्यापक, राजकीय हाईस्कूल, कटरियां, विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आईआईटी पटना में विभिन्न अनुसंधान प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और विज्ञान की अत्याधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में उन्हें अपराध अनुसंधान में विज्ञान के उपयोग और साक्ष्य विश्लेषण की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।
समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, सी. चंद्रशेखरन ने बताया कि जब विद्यार्थी केवल किताबों तक सीमित रहने के बजाय वास्तविक जीवन में चीजों को देखते और अनुभव करते हैं, तो वे बेहतर ढंग से समझते हैं और उन्हें लंबे समय तक याद रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, टीम वर्क और सहयोग की भावना विकसित होती है।इस शैक्षिक यात्रा से विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई संभावनाओं को समझा और अपने भविष्य की दिशा में नए लक्ष्य निर्धारित किए। समग्र शिक्षा विभाग का यह प्रयास विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।