गाजीपुर। होली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य और पेय पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आयुक्त और जिलाधिकारी अर्यका अखौरी के आदेश पर गाजीपुर में एक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कुल 11 खाद्य नमूने एकत्र किए गए, साथ ही 448 किलोग्राम अरहर दाल (पुखराज ब्रांड) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹45,000 बताई गई है।
यह कार्रवाई अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. दिनेश कुमार और सहायक आयुक्त (खाद्य) आर.सी. पांडेय के निर्देशन में की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नमूने एकत्र किए।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूने:
- गोपाल ब्रदर्स, टेढ़ीबाजार, गाजीपुर – 448 किलोग्राम अरहर दाल (पुखराज ब्रांड) सीज और 1 नमूना एकत्र।
- राजनारायण प्रसाद का प्रतिष्ठान, खोया मंडी, रौजा, गाजीपुर – खोया का नमूना।
- कृष्णा स्वीट्स, मिश्रबाजार, गाजीपुर – गोजिया का नमूना।
- देवकी स्वीट्स फूडिंग, मुगलानीचक, गाजीपुर – केशरिया खोया बर्फी और तिरंगा खोया बर्फी के नमूने।
- मोनू किराना स्टोर, सैदपुर पोस्ट ऑफिस गली, गाजीपुर – बेसन (बिहारी ब्रांड) का नमूना।
- लक्ष्मी ट्रेडर्स, सैदपुर गांधी नगर रोड, गाजीपुर – साबूदाना पापड़ का नमूना।
- अर्जुन चाट भंडार, सिधौना, सैदपुर, गाजीपुर – गुलाब जामुन का नमूना।
- रामजी मिष्ठान भंडार, सिधौना, सैदपुर, गाजीपुर – बर्फी का नमूना।
- कामधेनू स्वीट्स, नई सब्जी मंडी, नई सड़क त्रिमुहानी, सैदपुर, गाजीपुर – खोया का नमूना।
- राजेश जनरल स्टोर, सिधौना, सैदपुर, गाजीपुर – पोटैटो पापड़ का नमूना।
जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
सभी नमूने उत्तर प्रदेश खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा टीम में शामिल अधिकारी:
इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्ता, डॉ. तूलिका शर्मा, राजीव कुमार सिंह, वीरेन्द्र यादव, पंकज कुमार कन्नौजिया, और अरविन्द प्रजापति शामिल रहे।