गाजीपुर। जिले में आगामी त्यौहारों होली, रमज़ान, ईद और नवरात्रि को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने पैदल गश्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया।
इन प्रमुख स्थानों पर हुआ गश्त
यह रूट मार्च कोतवाली, लालदरवाजा, प्रकाश टॉकीज, टाउन हॉल, स्टीमर घाट, चितनाथ घाट, खोदाईपुरा, तुलसी का पुल और एम.एच. स्कूल तक किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे सभी त्योहारों को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
रूट मार्च में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक, क्षेत्राधिकारी शहर सुधाकर पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य त्योहारों के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि लोग बिना किसी बाधा के अपने धार्मिक पर्वों को मना सकें।