गाजीपुर। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति, लखनऊ हमेशा से समाज सेवा के प्रति समर्पित रही है। समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार, जिला अपराध निरोधक समिति गाजीपुर के सचिव अभिषेक कुमार के नेतृत्व में, होली के शुभ अवसर पर जिला कारागार गाजीपुर में निरुद्ध महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों को उपहार वितरित किए गए।
होली के इस पर्व को खास बनाने के लिए समिति के सदस्यों ने बंदियों के बीच जाकर उन्हें उपहार प्रदान किए, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। समिति के सचिव अभिषेक कुमार ने कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, और बाल मन में इसे लेकर विशेष उमंग होती है। लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण जेल में निरुद्ध महिलाओं और उनके बच्चों को यह खुशी नहीं मिल पाती। इसी को ध्यान में रखते हुए, समिति ने उनके लिए यह पहल की है।इस दौरान जेलर आर.के. वर्मा ने उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति हमेशा कैदियों के सुख-दुख में सहयोग के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कोरोना काल में भी समिति का योगदान सराहनीय रहा था।
जिला कारागार में कुल 666 बंदी हैं, जिनमें 575 पुरुष, 33 महिलाएं और 58 अल्पवयस्क शामिल हैं। महिला बंदियों के साथ 6 बच्चे भी जेल में रह रहे हैं। इस अवसर पर समिति के अभिषेक कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह, वसीम रजा और विनीत चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी कैदियों को होली की शुभकामनाएं दी गईं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई।