गाजीपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न हो गई हैं। अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया 19 मार्च से शुरू होगी। जिले के पांच मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जाएगी।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्रा ने पूर्वांचल न्यूज डॉट कॉम को बताया कि परीक्षाएं बिना किसी बाधा के संपन्न हुईं। मूल्यांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 17 मार्च को शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। गौरतलब है कि यूपी बोर्ड परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे, जिससे नकल विहीन और निष्पक्ष परीक्षा संपन्न हो सकी। अब सभी की निगाहें उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया और परीक्षा परिणामों पर टिकी हैं।