जमानियां। थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में चोरी की घटना सामने आई है। गांव निवासी नंदगोपाल सिंह ने बताया कि 15 फरवरी 2025 को वे अपने परिवार के साथ कुंभ स्नान के लिए गए थे। इस दौरान उनका घर खाली था। 17 फरवरी 2025 को लौटने पर उन्होंने पाया कि घर का ताला टूटा हुआ था।
घर के भीतर जाने पर आलमारी में रखा उनकी माता जी का पुराना हेकल (आभूषण) और ₹5200 नकद अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। नंदगोपाल सिंह ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने थाना में लिखित सूचना देकर मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि नंदगोपाल सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।