गाजीपुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर आज जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, गाजीपुर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। निदेशक (अर्थ एवं संख्या), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित इस गोष्ठी में कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान अपर सांख्यिकीय अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने अटल बिहारी वाजपेयी के उल्लेखनीय कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जनहित में किए गए वाजपेयी जी के महत्वपूर्ण निर्णयों और नीतियों पर चर्चा करते हुए उनके योगदान को याद किया।
गोष्ठी के अंत में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने सुशासन और देशहित में अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा किए गए कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से वाजपेयी जी के विचारों को आत्मसात करते हुए शासकीय कार्यों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। गोष्ठी का समापन सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वाजपेयी जी के विचारों और योगदान को स्मरण करते हुए सधन्यवाद किया गया।