जमानिया (गाजीपुर)। पुलिस ने गुरुवार रात करीब 10:30 बजे अवैध शराब की तस्करी के प्रयास में एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 50 टेट्रा पैक (प्रत्येक 200 मि.ली.) ब्ल्यू लाइम देसी शराब बरामद की गई है। पकड़े गए युवक को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कस्बा जमानिया में एक युवक शराब से भरे बैग के साथ रेलवे स्टेशन जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋतिक कुमार, निवासी बिशुनपुरा, थाना बिहटा, जनपद पटना (बिहार) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके बैग से 50 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद की गई। पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह शराब इकठ्ठा कर ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचता है। उसके पास शराब रखने का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने मौके से चार टेट्रा पैक को नमूने के रूप में सील किया, जबकि शेष 46 पैक को विधिवत जब्त कर लिया गया। आरोपी को आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।