जमानिया। शनिवार को कोतवाली परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सभी अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।थाना समाधान दिवस के दौरान कुल 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। प्राप्त समस्याएं मुख्यतः भूमि विवाद, आपसी विवाद तथा राजस्व से संबंधित थीं।
समाधान दिवस को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि जनता की समस्याओं को पूरी गंभीरता से लिया जाए और निष्पक्षता से समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने समाधान दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य जनता को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित न्याय प्रदान करना है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, मुख्य विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस और प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे समाधान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय भागीदारी करें।