जमानिया। कश्मीर में हुए आतंकी हमले के विरोध में शनिवार को एकल विद्यालय के शिक्षकों ने आक्रोश मार्च निकालकर आतंकवाद के खिलाफ आवाज बुलंद की। पाण्डेय मोड़ स्थित निजी आईटीआई से शुरू हुआ यह जुलूस नगर के रामलीला मैदान तक पहुंचा, जहां सभा आयोजित कर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। सभा को संबोधित करते हुए अंचल अभियान प्रमुख सुशील ने कहा कि आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए देशवासियों को एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने कहा, “ऐसे कायराना हमले हमारे हौसले को डिगा नहीं सकते, बल्कि हमें राष्ट्र निर्माण के कार्य में और अधिक प्रतिबद्ध बनाते हैं।”
प्राथमिक प्रशिक्षण प्रमुख सुमन वर्मा ने कहा कि देश की अखंडता को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल करने का आह्वान किया। मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। शिक्षा के माध्यम से हम नई पीढ़ी में देशभक्ति और जागरूकता का संचार कर सकते हैं।”
कार्यक्रम में विन्दू, मीरा, कंचन देवी, प्रीति, सुनील सिंह, राम निवास प्रसाद, राजूद पाण्डेय, मुंशी कुशवाहा, सीमा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।