गाजीपुर। जिले में अपराधों की बेकाबू रफ्तार और पुलिस की लापरवाही ने आखिरकार पुलिस कप्तान डॉ. ईराज राजा का पारा चढ़ा दिया। शुक्रवार रात गोरा बाजार चौकी प्रभारी राजकुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच में चौकी इंचार्ज की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद एसपी ने यह कड़ा कदम उठाया। सूत्रों के मुताबिक, लगातार हो रही चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं के बीच चौकी की सुस्ती साफ नजर आ रही थी, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा था। अब गोरा बाजार की जिम्मेदारी पुलिस लाइन से बुलाए गए तेजतर्रार अफसर शैलेश कुमार यादव को सौंपी गई है।
तबादलों की बरसात, कई अफसरों पर गिरी गाज़
चौकी प्रभारी के सस्पेंशन के साथ ही गाजीपुर पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया। पीआरओ राजीव कुमार पांडेय को बरेसर थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, संतोष कुमार पाठक को बरेसर से हटाकर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) भेज दिया गया है। बुजुर्गा चौकी इंचार्ज अतुल कुमार मिश्रा को एसपी कार्यालय में पीआरओ की नई जिम्मेदारी दी गई है।
“अब गाजीपुर में चलेगी नई नीति” — डॉ. ईराज राजा
एसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब गाजीपुर पुलिस में “काम करो या दफा हो जाओ” की नीति लागू रहेगी। आने वाले दिनों में भी जो अधिकारी अपराध पर नियंत्रण में विफल रहेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई से परहेज नहीं किया जाएगा।
पुलिस महकमे में मची खलबली
एसपी के इस कड़े रुख से जिले भर के थानों और चौकियों में खलबली मच गई है। हर अधिकारी और कर्मचारी अब सतर्क नजर आ रहे हैं। चर्चा है कि यदि हालात नहीं सुधरे तो पुलिस महकमे में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।