गाजीपुर। करंडा ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को भ्रष्टाचार, घूसखोरी और फंड के अवैध भुगतान के खिलाफ एक बड़ा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हुआ। इस धरने का नेतृत्व ग्राम प्रधान राजेश बनवासी ने अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा के बैनर तले किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पंचायत से जुड़े कार्यों और फंड के वितरण में खुली रिश्वतखोरी हो रही है। प्रधानों से कमीशन मांगा जा रहा है और बिना भुगतान के कोई कार्य नहीं हो रहा। ग्राम प्रधान राजेश बनवासी ने इसे ग्राम समाज और लोकतंत्र के साथ विश्वासघात बताया।
राजेश बनवासी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि करंडा ग्राम सभा में निर्मित ग्राम पंचायत सचिवालय का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। इस संबंध में उन्होंने कई बार उच्च अधिकारियों से लिखित शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा, “हम ब्लाक को लूट और घूसखोरी का अड्डा नहीं बनने देंगे। जब तक जिला अधिकारी स्वयं आकर जनता की बात नहीं सुनते, यह धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो भूख हड़ताल भी करेंगे।” धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण, मजदूर, महिलाएं और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण नारेबाजी की और कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक है। हालांकि अब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है।