जमानिया। स्थानीय बड़सर गांव स्थित देत्रवीर बाबा मंदिर के पास रविवार की शाम करीब 5 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय एक महिला अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर निवासी राजमती (45 वर्ष) अपने पुत्र पंकज (22 वर्ष) के साथ बिहार के रामगढ़ से मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर लौट रही थीं। जब वे देत्रवीर बाबा मंदिर के पास पहुंचीं, तभी सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सामने से आ रही मोटरसाइकिल को चंदौली जनपद के पई गांव निवासी आशीष (18 वर्ष) चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। हादसे की सूचना अभी तक पुलिस को नहीं दी गई है।