जमानिया, गाजीपुर। थाना क्षेत्र के ताजपुर माझां गांव की रहने वाली नवविवाहिता सोनी यादव ने अपने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने शनिवार को थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सोनी यादव का विवाह 3 जून 2019 को हिंदू रीति-रिवाज से पप्पू सिंह यादव के साथ हुआ था। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति, सास, ससुर, ननद और देवर ने दहेज में कम रकम लाने का ताना देकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।पीड़िता ने बताया कि पारिवारिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए उसने काफी समय तक सब कुछ सहा। इस बीच एक पुत्री का जन्म भी हुआ, लेकिन उत्पीड़न का सिलसिला नहीं रुका। आरोप है कि सास सावित्री देवी ने उसका स्त्रीधन छीन लिया और एक लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए ससुराल पक्ष ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
बताया गया कि ग्रामीणों और रिश्तेदारों की पंचायत के बाद 7 अप्रैल 2025 को वह दोबारा ससुराल गई, लेकिन प्रताड़ना दोबारा शुरू हो गई। 3 मई को जब उसने पिता से रुपये लाने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की, बाल पकड़कर घसीटा और मासूम पुत्री सहित घर से बाहर निकाल दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति, सास-ससुर, दो ननदों और देवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।