गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के बड़सरा गांव में सड़क हादसे में एक होनहार छात्रा की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़सरा गांव निवासी प्रिया गुप्ता (छात्रा) 28 अप्रैल को गाजीपुर शहर से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। रास्ते में भटौली इलाके के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही जीप का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह चलती जीप से नीचे गिर पड़ी।
सड़क पर गिरने से प्रिया को गंभीर चोटें आईं। चालक ने कुछ दूरी पर जाकर वाहन रोका और उसे तत्काल गाजीपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने भरसक प्रयास किया, लेकिन 30 अप्रैल को प्रिया ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। मृतका के पिता अमरेश गुप्ता की तहरीर पर करंडा पुलिस ने जीप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।