गाजीपुर। जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बहरियाबाद और सादात थाना क्षेत्र की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मिर्जापुर इलाके में मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो देसी तमंचे, कारतूस और 11 गोवंश से लदी बिना नंबर की इंट्रा मैजिक पिकअप बरामद की गई है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
पुलिस पर चढ़ाने की कोशिश, फिर मुठभेड़
बहरियाबाद पुलिस की टीम मिर्जापुर क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक नीले त्रिपाल से ढकी बिना नंबर की मैजिक पिकअप तेज़ी से आती दिखी। रोकने की कोशिश पर वाहन चालक ने पुलिस टीम पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और प्यारेपुर चट्टी की ओर भाग निकला।
चारों ओर से घेराबंदी, जवाबी फायरिंग में पकड़े गए
सूचना मिलते ही सादात पुलिस ने मोर्चा संभाला और मिर्जापुर-सादात मार्ग पर बदमाशों की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने गाड़ी बिजली के खंभे से टकरा दी और उतरते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों तस्करों के पैरों में लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार तस्करों का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सोनू यादव (निवासी पचरासी, थाना नंदगंज) और सभाजीत उर्फ शालू यादव (निवासी लक्षिरामपुर, थाना बहरियाबाद) के रूप में हुई है। सोनू यादव पर गोकशी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत आठ से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सभाजीत पर गौहत्या और विद्युत चोरी के मामले दर्ज हैं।
गिरोह का माफीनामा – “हमें माफ कर दो…”
पूछताछ में दोनों ने कई बार गौ-तस्करी करने की बात कबूली और कहा कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। गिरफ्तार होने के बाद दोनों बदमाश घिघियाते हुए बोले – “हमें माफ कर दो, हमसे गलती हो गई…”