नई दिल्ली। भारतीय सेना ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। यह संयुक्त सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत अंजाम दिया गया, जिसमें भारतीय वायु सेना, थल सेना और नौसेना शामिल रहीं।
बुधवार देर रात 1:44 बजे की गई कार्रवाई
सेना सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई बुधवार की रात करीब 1:44 बजे की गई। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के भीतर घुसकर कोटली, मुजफ्फराबाद और बहावलपुर सहित 9 ठिकानों को निशाना बनाया। सेना ने ऑपरेशन के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “न्याय हुआ, जय हिंद।”
सिर्फ आतंकी ठिकानों को बनाया गया निशाना
भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि इस हमले का उद्देश्य सिर्फ आतंकी अड्डों को नष्ट करना था। भारत की मंशा किसी देश के साथ टकराव नहीं है, लेकिन आतंकी हमलों का जवाब देना आवश्यक है।
पाकिस्तान में मचा हड़कंप, सीजफायर का उल्लंघन शुरू
एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। बौखलाए पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी सेक्टर में सीमा पार से फायरिंग शुरू कर दी है। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) को इंटरनेशनल बॉर्डर पर अलर्ट कर दिया गया है।
हमले की तस्वीरें और वीडियो आए सामने
ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीरें और वीडियो सामने आ चुके हैं। इनमें जोरदार धमाकों की आवाजें और लगातार हो रहे विस्फोट साफ देखे-सुने जा सकते हैं।भारतीय सेना की यह कार्रवाई देश की सुरक्षा और आतंक के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाती है।