गाजीपुर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद, गाजीपुर के अंतर्गत निर्मित एसटीपी (STP) से घरेलू सीवेज की कनेक्टिविटी की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने निरीक्षण के लिए गठित समिति को नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। साथ ही गंगा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अंतर्गत आने वाले सभी 34 नालों में बायोरेमिडिएशन कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, देवकली पम्प नहर, गाजीपुर को निर्देशित किया गया कि मरदह विकास खंड के गोविन्दपुर, बरही, गुलाल सराय एवं नसरतपुर ग्राम पंचायतों में नहर के निकट विभाग की अनुपयोगी भूमि पर वृक्षारोपण की कार्यवाही की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने डीएफओ को निर्देश दिया कि गंगा के किनारे स्थित ग्राम पंचायतों में गंगा समिति का गठन किया जाए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को समस्त ग्राम पंचायतों में नियमानुसार जिला आर्द्र भूमि समिति का गठन शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में भूमि चिन्हित कर मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण हेतु कम से कम एक स्थल पर वृक्षारोपण कराया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, समिति के नामित सदस्य शैलेष राम, डीएफओ विवेक कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।