जमानियां। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की स्थानीय उपशाखा ने शनिवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर तहसीलदार राम नारायण वर्मा के माध्यम से राजस्व परिषद अध्यक्ष के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शासन से लेखपालों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।
तहसील अध्यक्ष विजय कुमार सिंह एवं मंत्री मंतोष कुमार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोलने, वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने तथा नवनियुक्त लेखपालों के परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने की मांग की गई। इसके अलावा स्टेशनरी, वाहन एवं विशेष भत्तों में वृद्धि, भूलेख कार्यालयों से संबद्ध लेखपालों को अवमुक्त किए जाने तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्राम सचिवालयों में लगाए जा रहे रोस्टर को समाप्त करने की भी मांग उठाई गई। लेखपाल संघ ने चेतावनी दी कि यदि शासन स्तर पर उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 5 अगस्त 2026 से प्रदेशभर के लेखपाल अतिरिक्त हल्कों का कार्य पूरी तरह बंद कर देंगे। साथ ही अतिरिक्त प्रभार से संबंधित बस्ते तहसील कार्यालय में जमा करा दिए जाएंगे। संघ ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार सहित आंदोलन की अगली रणनीति भी तय की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल रंजन राय, कनिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कुमार, उपमंत्री वकार खान, कोषाध्यक्ष संदीप भारती सहित संघ के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।