जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के पाण्डेय मोड़ के पास सड़क किनारे स्थित एक फल की अस्थायी दुकान में शनिवार तड़के करीब एक बजे अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय दुकानदार मौके पर मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख तत्काल दुकानदार को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दुकानदार इमरान राईनी उर्फ सोनू, निवासी कानूनगो मोहल्ला, मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। घटना में हुए नुकसान का भी अभी आकलन नहीं किया गया है। दुकानदार ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोतवाली में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।