जमानिया। क्षेत्र के बड़ेसर गांव स्थित एक होटल में अनैतिक गतिविधियों को लेकर शुक्रवार को फिर एक बार विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि होटल में प्रतिदिन युवक-युवतियों का आना-जाना होता है और वहां अनैतिक कार्य किए जाते हैं, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है।ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस केवल औपचारिकता निभाकर लौट गई, जिससे लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह होटल मुख्य सड़क पर स्थित है, फिर भी न तो यहां नियमित जांच होती है और न ही कोई निगरानी रखी जाती है। उन्होंने प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी इस होटल पर कार्रवाई की गई थी। गौरतलब है कि 10 सितंबर 2024 को तत्कालीन उपजिलाधिकारी द्वारा की गई छापेमारी में सात जोड़े पकड़े गए थे और होटल को सील कर दिया गया था। बावजूद इसके, कुछ समय बाद होटल पुनः संचालित हो गया और वही गतिविधियां फिर शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाए तो सारी सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन “दूध का दूध और पानी का पानी” करने के लिए सख्ती से कार्रवाई करे।इस पूरे मामले पर प्रभारी निरीक्षक अरुण पाण्डेय ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर गई थी, लेकिन होटल बंद मिला और वहां कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला। शिकायत 112 नंबर पर की गई थी, परंतु कॉलर ने बाद में फोन बंद कर लिया, जिस कारण विस्तृत जांच नहीं हो सकी।