दिलदारनगर। रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) दिलदारनगर ने अपने विशेष अभियान “ऑपरेशन सतर्क” के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। उपनिरीक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में रेसुब की टीम, जिसमें प्रधान आरक्षी सतीश कुमार सिंह, आरक्षी भगवान ओझा और जीआरपी के प्रधान आरक्षी अजय कुमार सिंह तथा आरक्षी आशीष कुमार सिंह शामिल थे, प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे ट्रेन संख्या 20802 के आने पर दो युवक संदिग्ध रूप से भारी बैग लेकर ट्रेन में चढ़ते हुए देखे गए। टीम ने तुरंत उनकी तलाशी ली, जिसमें अंग्रेजी शराब की 28 बोतलें बरामद हुईं।
पकड़े गए युवकों की पहचान विश्वास कुमार (20 वर्ष) और पियूष कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई, जो नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के बुढ़ा नगर के निवासी हैं। उनके पास से 21 लीटर शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12,880 है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर रेसुब पोस्ट दिलदारनगर लाया गया है। उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध संख्या 1975/25 दिनांक 26.05.25 पर मुकदमा दर्ज किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि “ऑपरेशन सतर्क” के तहत रेसुब अपनी जिम्मेदारी सजगता और तत्परता के साथ निभा रहा है।