गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शनिवार को जिला कारागार गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल के विभिन्न हिस्सों – पुरुष एवं महिला बैरक, चिकित्सालय, रसोईघर तथा हवालात कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पुरुष बैरकों में जाकर बंदियों से उनकी समस्याएं जानीं। कुछ कैदियों ने अपनी परेशानियां भी साझा कीं, जिनके त्वरित समाधान के निर्देश जेल अधीक्षक को दिए गए। इसके बाद अधिकारी द्वय जेल अस्पताल पहुंचे और वहां मौजूद चिकित्साकर्मियों से दवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता एवं अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
रसोई घर में जाकर कैदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया गया। महिला एवं अल्पवयस्क बैरकों में जाकर अधिकारियों ने बंदियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने सभी से यह सुनिश्चित किया कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो रही हो। निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने नियंत्रण कक्ष में जाकर संचालित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की भी समीक्षा की और उसकी कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। कैदियान कार्यालय का भी दौरा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में जेल परिसर के अंदर मोबाइल या अन्य प्रतिबंधित उपकरण न पहुंचने पाएँ। इसके लिए रोस्टर बनाकर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए। साथ ही, महिला बंदीगृह में दी जा रही सुविधाओं की भी जानकारी लेकर उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।