गाजीपुर। कांग्रेस नेता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव तथा राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव डॉ. जनक कुशवाहा ने प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं की भारी भीड़ को उत्तर प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों का संकेत बताया है।
गाजीपुर पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. जनक कुशवाहा ने कहा कि प्रयागराज में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं का उत्साहपूर्ण स्वागत ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं का राहुल गांधी के प्रति बढ़ता आकर्षण इस बात का संकेत है कि प्रदेश में राजनीतिक समीकरण बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
डॉ. कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश के छात्र और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। रोजगार, शिक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर उनमें असंतोष है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए उनके भविष्य, रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए तथा युवाओं की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्र-युवा, महिला, किसान और समाज के विभिन्न वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध हैं। डॉ. कुशवाहा ने दावा किया कि कांग्रेस लंबे अंतराल के बाद उत्तर प्रदेश में मजबूत वापसी की दिशा में आगे बढ़ रही है और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में उमड़ा छात्रों और युवाओं का सैलाब इस बात का संकेत है कि प्रदेश के युवा राहुल गांधी की लड़ाई में उनके साथ खड़े होने का मन बना चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सत्ता की चाबी कांग्रेस के हाथ में होगी और पार्टी सर्वसमाज के सहयोग से प्रदेश में नया राजनीतिक इतिहास लिखेगी।