जमानिया (गाजीपुर)। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए निकली एक युवती के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार को प्रकाश में आई जब पीड़िता द्वारा थाने में तहरीर दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून की रात करीब आठ बजे युवती जब शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी पहले से घात लगाकर बैठे एक युवक ने स्कूटी से पहुंचकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। आरोपी ने युवती को जबरन स्कूटी पर बैठाने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। युवती के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने टॉर्च की रोशनी में आरोपी की पहचान कर ली है। परिजनों के अनुसार, रात अधिक हो जाने के कारण रिपोर्ट अगले दिन थाने में दी गई।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए युवती को महिला आरक्षी की निगरानी में गाजीपुर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया गया है।