रेवतीपुर। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को एक साथ छह न्याय पंचायतों में विकसित कृषि संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि बीजेपी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने फीताकाटकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया और उन्हें वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।मुख्य अतिथि ने कहा कि बीजेपी सरकार किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। यह महत्त्वाकांक्षी अभियान किसानों को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि सरकार पहली बार कृषि वैज्ञानिकों को सीधे गांवों में भेज रही है, जिससे वे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत करा सकें।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 12 जून तक चलेगा और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस अभियान के तहत किसानों को उन्नत बीज, वैज्ञानिक तकनीक, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, आधुनिक सिंचाई पद्धतियां और जैविक खेती की जानकारी दी जाएगी।पीजी कॉलेज कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. ओंमकार सिंह ने कहा कि शासन की यह योजना किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इससे न केवल उनकी उपज बढ़ेगी, बल्कि आय में भी वृद्धि होगी, जिससे जीवन स्तर ऊंचा उठेगा। उन्होंने कहा कि खेती से पहले किसान अवश्य मिट्टी की जांच कराएं।
डॉ. सिंह ने आगे कहा कि लैब टू लैंड जैसी योजनाओं के माध्यम से कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विकसित तकनीकों को सीधे खेतों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। यह भारतीय कृषि के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन लाने वाला कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान भारत को कृषि क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिलाने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के वैज्ञानिक नरेंद्र प्रताप, पूर्व प्रमुख मुकेश राय, अनिल शर्मा, ज्ञानेंद्र राय छोटू, संजय राय, संजय सिंह, रमेंद्र राय, एडीओ एजी सोहन कुमार पटेल, अभिमत पांडेय, मनोज यादव, रविशंकर उपाध्याय, धीरज कुमार राय, हरिशंकर, जामवंत, रितेश, अंकित सहित कई किसान व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।