जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कलां गांव में शनिवार देर रात 26 वर्षीय बाइक मैकेनिक विजय उर्फ भोला बिंद की चाकुओं से गोदकर की गई नृशंस हत्या के मामले में घटना के तीसरे दिन मंगलवार को भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम लगातार कार्रवाई में जुटी हैं, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही बिहार के विभिन्न जिलों में भी संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस उपाधीक्षक अंकित तिवारी ने बताया कि मामले की विवेचना सही दिशा में आगे बढ़ रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित सभी स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।