गाजीपुर। भांवरकोल थाना पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक दयाशंकर सिंह अपनी टीम के साथ मंगलवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर तेतरिया मोड़ से नोनहरा चौक निवासी 22 वर्षीय आफताब हासमी पुत्र रहमतुल्लाह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर) तथा एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना भांवरकोल में मुकदमा संख्या 164/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में आबकारी अधिनियम, गोवध निवारण अधिनियम तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।