गाजीपुर। थाना शादियाबाद पुलिस ने दहेज की मांग को लेकर पत्नी की हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक संतोष कुमार मय हमराह ने ग्राम मुबारकपुर कुदुतुल्ला के पास चेकिंग के दौरान थाना शादियाबाद पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 243/2026, धारा 85, 80(2), 115(2) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित आरोपी रविकांत उर्फ हनी कुमार पुत्र सुरेश राम, निवासी ग्राम गुरैनी थाना शादियाबाद, को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक आरोपी पर दहेज की मांग को लेकर अपनी पत्नी की चाकू से हत्या करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा गया। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी शादियाबाद थाने में दुष्कर्म, मारपीट एवं अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।