गाजीपुर। पत्रकारों की सुरक्षा, उत्पीड़न के मामलों के समाधान और जिला प्रशासन व मीडिया के बीच सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में डीएम ने समिति के सदस्यों से परिचय प्राप्त किया और जिले में पत्रकारिता की सकारात्मक भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार जमीनी हकीकत से वाकिफ रहते हैं और उनकी खबरों के माध्यम से प्रशासन को जनहित से जुड़ी जानकारी प्राप्त होती रहती है, जिस पर यथासंभव त्वरित कार्यवाही की जाती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। तीन पत्रकार उत्पीड़न मामलों पर चर्चा
अपर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने पत्रकार उत्पीड़न से संबंधित प्राप्त तीन शिकायतों की जानकारी दी:
1. राम जनम कुशवाहा, जिला संवाददाता, स्वतंत्र जनभारती ने प्राथमिक विद्यालय ददरीघाट, सदर से जुड़ी शिकायत दी थी। इस पर डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से पत्राचार कर आख्या मांगी है।
2. बृजनारायण पाठक, क्षेत्रीय संवाददाता, भांवरकोल ने अनुसूचित जाति के एक परिवार द्वारा झूठे मुकदमों में फंसाने की शिकायत की, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
3. गिरीश कुमार पांडेय, ब्यूरो, ज्ञान शिखा टाइम्स ने सरकारी नाली पर कब्जे व झूठे मुकदमे दर्ज कराने वाले लेखपाल व कानूनगो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर डीएम ने एसडीएम सैदपुर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील स्तर पर बैठक और सूचना संकुल निर्माण पर चर्चा
बैठक में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश पांडेय उर्फ दरोगा पांडेय ने तहसील स्तर पर मासिक पत्रकार बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया, जिसे डीएम ने सकारात्मक रूप से लेते हुए कहा कि उपजिलाधिकारी अपने स्तर से बैठक पर विचार कर सकते हैं। सदस्यों ने जनपद में सूचना संकुल के निर्माण के लिए निशुल्क भूमि चिन्हांकन का भी प्रस्ताव रखा, जिस पर डीएम ने आश्वासन दिया कि प्रशासन इस पर विचार करेगा।
पत्रकारों की सूची हर कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश
बैठक में यह मांग उठाई गई कि पत्रकारों को कार्यालयों, तहसीलों, ब्लॉकों और थानों में पहचानने की सुविधा हो, इसके लिए मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों की सूची सभी संबंधित कार्यालयों को उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने इस पर अपर जिला सूचना अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित संस्थाओं से सूची प्राप्त कर संबंधित कार्यालयों को भेजी जाए। अंत में डीएम अविनाश कुमार ने पत्रकारों से प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय बनाए रखने के सुझावों की सराहना की और पत्रकारों की मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी और पत्रकार:
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक,कमलेश पांडेय उर्फ दरोगा पांडेय, अध्यक्ष, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन से अशोक कुमार श्रीवास्तव, जनमुख प्रमोद कुमार राय, तरुण मित्र उधम सिंह, जियो न्यूज सहित अन्य वरिष्ठ पत्रकार व अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।