जमानियां। नगर के सोनार टोली निवासी प्रसिद्ध सर्राफा व्यवसायी ओमप्रकाश वर्मा के परिवार के लिए इस वर्ष की नीट-यूजी परीक्षा दोहरी खुशी लेकर आई है। उनके पोते प्रमन वर्मा और पोती तनिशा वर्मा ने एक साथ इस प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जमानियां क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

दोनों मेधावी छात्र आपस में चचेरे भाई-बहन हैं और उन्होंने अलग-अलग शहरों में रहकर यह उपलब्धि हासिल की। प्रमन वर्मा ने फरीदाबाद में रहकर तैयारी की और 99.90 पर्सेंटाइल प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके पिता बृजेश वर्मा इंडियन ऑयल में वैज्ञानिक हैं, जबकि माता श्वेता वर्मा गृहिणी हैं। वहीं तनिशा वर्मा ने भिलाई में रहकर तैयारी की और 96.11 पर्सेंटाइल के साथ परीक्षा में सफलता प्राप्त की। उनके पिता नीरज कुमार वर्मा भारतीय रेल के रायपुर मंडल में लोको पायलट हैं तथा माता ऋतु वर्मा गृहिणी हैं। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया। एक ही परिवार के दो बच्चों की इस उल्लेखनीय सफलता को क्षेत्र के लोगों ने जमानियां के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। स्थानीय व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दोनों सफल छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में उत्कृष्ट चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे। इस अवसर पर प्रमन और तनिशा ने युवाओं के लिए प्रेरक संदेश देते हुए कहा, “यदि जीवन में बड़ा लक्ष्य हासिल करना है, तो पूरी निष्ठा, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ समर्पित रहना होगा, क्योंकि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।”