जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर गांव में प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सरकारी भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर चलाकर हटवा दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली इस कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।तहसीलदार रामनारायण वर्मा के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पांच थानों की महिला एवं पुरुष पुलिस बल तैनात रही, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
तहसीलदार ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर बचिया देवी की शिकायत की जांच कराई गई थी। जांच में पाया गया कि प्यारे गोड, काशी गोड सहित कुछ लोगों ने पीडब्ल्यूडी की भूमि पर ईंट की कच्ची दीवार और टीनशेड बनाकर अवैध कब्जा कर रखा था। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने भूमि की पैमाइश कर सीमांकन भी कराया, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके। तहसीलदार ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि लगभग दो सप्ताह पूर्व भी प्रशासन अतिक्रमण हटाने पहुंचा था, लेकिन महिलाओं के विरोध और नोकझोंक के चलते कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी थी। इस बार व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिना किसी बाधा के अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी बृजेश्वर यादव, कानूनगो अजय कुमार, लेखपाल रविंद्र सिंह, मंतोष, रवि, मयंक सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।