जमानिया। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार को उपजिलाधिकारी निधि ने चक्काबांध स्थित गंगा तट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने गंगा के जलस्तर की स्थिति का अवलोकन किया और तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों से कहा कि जलस्तर पर लगातार नजर बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखें। उपजिलाधिकारी ने तटवर्ती गांवों के ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियां दुरुस्त रखने तथा नाविकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार अविनाश कुमार सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।