गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में दिनांक 21 मई 2025 को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अपंजीकृत औद्योगिक इकाइयों को पंजीकृत कराने हेतु विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 07 जुलाई 2025 को फतेउल्लाहपुर स्थित मेसर्स-सेल एग्री कमोडिटीज लिमिटेड, गाजीपुर में एक कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में सहायक निदेशक, कारखाना, वाराणसी नवदीप श्रीवास्तव एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी, गाजीपुर मनोज कुमार राजपूत ने सहभागिता की।
कैंप में फैक्ट्री के अपर महाप्रबंधक एवं फैक्ट्री प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सहायक श्रम आयुक्त द्वारा फैक्ट्री पंजीकरण की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। साथ ही, श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने दुकान एवं वाणिज्य अधिष्ठान अधिनियम, 1962 के अंतर्गत प्रतिष्ठानों के पंजीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को प्रदान की। यह आयोजन औद्योगिक इकाइयों को औपचारिक प्रणाली से जोड़ने तथा श्रमिकों के हित संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।